विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बीसीसीएल द्वारा सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत 

Spread the love

कार्मिकों के लिए आज निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता का किया गया आयोजन 

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड द्वारा आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आज से सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत की गयी। कोयला भवन सभागार में आज कार्मिकों के लिए निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी (क्विज़) का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के तीस से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 

सप्ताहभर चलने वाले इन कार्यक्रमों का समापन आगामी 5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के मुख्य समारोह में किया जाएगा, जहाँ विजेताओं को सम्मानित करने के साथ अन्य विविध कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। बता दे कि बीसीसीएल द्वारा हर वर्ष पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए इस प्रकार के रचनात्मक और जन-सरोकारों के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिनमें न केवल कार्मिकों की, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। इस वर्ष भी पूरे सप्ताह भर वृक्षारोपण अभियान सहित, स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला, निबंध लेखन, तात्कालिक भाषण और गृहिणियों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ निर्धारित की गई हैं। 

आज के आयोजन की शुरुआत निबंध लेखन प्रतियोगिता से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने ‘पर्यावरण संरक्षण’, ‘प्लास्टिक प्रदूषण पर जागरूकता’ और ‘स्थायी विकास’ जैसे समसामयिक एवं प्रासंगिक विषयों पर अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने तथ्य आधारित विश्लेषण, समाधानात्मक दृष्टिकोण और जागरूकता के संदेश को लेखनी में बखूबी अभिव्यक्त किया। निबंध लेखन के उपरांत क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पर्यावरण विज्ञान, वैश्विक जलवायु परिवर्तन, सतत विकास और बीसीसीएल की पर्यावरणीय पहलों से संबंधित प्रश्नों में अपनी जानकारी और तत्परता का परिचय दिया।  कार्यक्रम में पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से  राजीव चोपड़ा (महाप्रबंधक, पर्यावरण),  सउद अनवर (वरिष्ठ प्रबंधक, पर्यावरण) सहित श्री हरीश पाल, सुश्री मारिया एहसान, सुश्री मीना कुमारी,  प्रवेश यादव आदि

शामिल थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *