सीसीएल ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

Spread the love

राँची । सीसीएल के कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज रविवार को गांधीनगर क्रीड़ांगन में हुआ। शिविर का उद्घाटन रेखा पाण्डेय, महाप्रबंधक (कल्याण), सीसीएल, द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक (कल्याण) ने बच्चों को खेल के महत्व के बारे में बताया तथा उन्हें अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण में सहयोग दे रहे क्रिकेट व वॉलीबॉल कोचों का  स्वागत किया।

वॉलीबॉल शिविर का संचालन झारखंड वॉलीबॉल संघ के लेवल-2 कोच निशिकांत पाठक, उत्तम राज, तथा सीसीएल के अनुभवी वॉलीबॉल खिलाड़ी सतीश उरांव एवं रवि शंकर मंडल द्वारा किया जा रहा है। वहीं, क्रिकेट प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सीसीएल के खिलाड़ी आनंद कुमार, धनंजय सेंद्रिया एवं मोहित राज मिंज को सौंपी गई है।

शिविर में भाग ले रहे बच्चों को खेल की बारीक तकनीकें, शारीरिक व्यायाम, अनुशासन एवं टीम भावना के गुण विशेष रूप से सिखाए जा रहे हैं। बच्चों में शिविर को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह 14 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा तथा 31 मई 2025 तक चलेगा। शिविर में लगभग 200 बच्चे भाग ले रहे हैं, जो इस सुनहरे अवसर का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सीसीएल वेलफेयर बोर्ड के सदस्य श्री दिलीप कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *