डीएम ने विकास भवन कार्यालयों का भ्रमण कर अधिकारियों से ली सम्बन्धित योजनाओं की जानकारी

Spread the love

जिलाधिकारी ने विकास से सम्बन्धित अधिकारियों से परिचयात्मक वार्ता कर उनसे सम्बन्धित योजनाओं, निर्माण कार्यो के प्रगति की समीक्षा

सभी परियोजनाएं व निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में हो पूर्ण-जिलाधिकारी

भदोही / नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने विकास भवन स्थित सभी कार्यालयों का भ्रमण कर सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों से जानकारी ली। विकास से सम्बन्धित अधिकारियों से परिचयात्मक वार्ता कर उनसे सम्बन्धित योजनाओं निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा किया।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि विगत दो माह फरवरी व मार्च माह से विकास कार्यो के सीएम डैशबोर्ड प्रदेश रैकिंग में जनपद भदोही को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए प्रदेश में पहले स्थान पर आने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य से सम्बन्धित सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में निस्तारण करना सुनिश्चित करें। विकास व कल्याण आधारित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश सरकार के मंशानुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं, नीतियों, उपलब्धियों से समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को भी आच्छादित कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाय। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से परिचयात्मक संवाद के दौरान विभागीय कार्यो व योजनाओं की संक्षिप्त समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया।
नवागत जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश व कार्यशैली में नवाचार/नवीन पहल पर विशेष बल दिया। उन्होंने जनता की सेवा को अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को फरियादियों की शिकायत का शत-प्रतिशत निस्तारण करते हुए उनकी सन्तुष्टि पर बल दिया। उन्होंने प्रत्येक गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को प्राथमिकता पर न्याय दिलाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी द्वारा विकास भवन स्थित सभी कार्यालयों के भ्रमण व अवलोकन के दौरान गन्दगी दर्शित होने पर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीपीआरओ को निर्देशित किया कि विकास भवन स्थित सभी शौचालयों में पानी व प्रकाश की उपलब्धता सहित स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 संतोष कुमार चक, जिला चिकित्सालयों के सीएमएस, जिला विकास अधिकारी ज्ञानप्रकाश, डीईएसटीओ शशिकान्त, उपायुक्त स्वत रोजगार अनुराग राय, डीपीआरओ संजय मिश्रा, उपनिदेशक कृषि अश्वनी सिंह, उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, उपायुक्त मनरेगा राजा राम एवं सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *