नागपुर। एनटीपीसी मौदा द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत मौदा क्षेत्रवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है। लगभग 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सुविधा ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने, मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराने तथा युवाओं एवं स्थानीय निवासियों के लिए एक जीवंत सामाजिक मंच सृजित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन 04 अप्रैल 2025 को एनटीपीसी मौदा के परियोजना प्रमुख हिम्मत सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर मौदा नगर पंचायत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. रुचा दबर्डे, प्रदीप बलवंत परांजपे (जीएम-प्रोजेक्ट), सागर रंजन साहू (एजीएम-मानव संसाधन), गजेन्द्र सी जांगले (एजीएम-सिविल मेंटेनेंस) तथा एनटीपीसी मौदा के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
यह पहल न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को उभारने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि मौदा के नागरिकों के समग्र स्वास्थ्य, जीवनशैली एवं सामाजिक समावेशन में भी योगदान देगी। इस प्रकार के सामाजिक अवसंरचना में निवेश कर एनटीपीसी मौदा सतत सामुदायिक विकास एवं समावेशी सामाजिक प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर दर्शा रहा है।
