मेजा ऊर्जा निगम द्वारा भारतीय महिला ग्रामोद्योग संस्थान में कंप्यूटर लैब का उद्घाटन एवं प्रथम बैच का शुभारंभ

Spread the love

प्रयागराज। मेजा ऊर्जा निगम (प्रा.) लिमिटेड ने अपने  नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत कौशल विकास और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय महिला ग्रामोद्योग संस्थान, बघेड़ा, प्रयागराज में एक कंप्यूटर लैब की स्थापना की है। दिनांक 02 अप्रैल 2025 को मेजा ऊर्जा निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी,  अशेष कुमार चट्टोपाध्याय एवं अपराजिता महिला समाज की अध्यक्षा, श्रीमती कृष्णा चट्टोपाध्याय द्वारा कंप्यूटर लैब  का उद्घाटन एवं प्रशिक्षण के प्रथम बैच का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत आसपास की 200 ग्रामीण बालिकाओं और महिलाओं को निःशुल्क बुनियादी कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर मेजा ऊर्जा निगम के वरिष्ठ अधिकारी, चंद्रशेखर, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट),  नरेंद्र नाथ सिन्हा, महाप्रबंधक (ओ & एम), डॉ. (श्रीमती) मनीषा पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी,  विवेक चंद्रा, अपर महाप्रबंधक (मा.स.),  मनोज कुमार वर्मा, उप महाप्रबंधक (मा.स.) एवं  एन. पी. सिंह, अध्यक्ष (बीएमजीएस) उपस्थित रहे।

मेजा ऊर्जा निगम द्वारा इस कंप्यूटर लैब की स्थापना हेतु 50 कंप्यूटर, 50 कुर्सियाँ और टेबल, 2 व्हाइट बोर्ड, 2 प्रिंटर, पाठ्य सामग्री  प्रदान किए गए हैं एवं एक वर्ष के प्रशिक्षण की व्यवस्था की गयी है । इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एक वर्ष में कुल 4 बैच संचालित किए जाएंगे, जिसमें प्रत्येक बैच में 50 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रकार, मेजा तथा करछना क्षेत्र की कुल 200 बालिकाओं एवं महिलाओं को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्राएं, उनके अभिभावक, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति एवं मेजा ऊर्जा निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल साक्षरता एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी और नए रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *