विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027:  जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सकलडीहा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

Spread the love

बीएलओ एवं निर्वाचन कर्मियों को सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के निर्देश

चन्दौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिवस पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने विकास खंड सकलडीहा के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार (महेसुआ) तथा बट्ठी जूनियर हाई स्कूल बालिका विद्यालय, चतुर्भुजपुर (सकलडीहा रेलवे स्टेशन) स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण कर विशेष अभियान के अंतर्गत संचालित मतदाता पंजीकरण कार्यों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित बीएलओ एवं निर्वाचन कर्मियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता एवं निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अवगत कराया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, अपमार्जन एवं संशोधन के लिए विशेष अभियान के अंतर्गत 28 नवम्बर 2026 (शनिवार) के अतिरिक्त 29 नवम्बर (रविवार) को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन अपेक्षित है, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन अवश्य करें। मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन संबंधी अधिक जानकारी के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *