सीएमपीडीआई में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 का समापन

Spread the love

सीएमपीडीआई  की प्रतिष्ठा और जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी – सीएमडी चौधरी शिवराज सिंह

राँची/ सीएमपीडीआई में तीन महीने तक चले सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 का समापन रांची स्थित मुख्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। यह अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर, 2026 तक ‘ सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity)’ थीम के तहत आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीएमपीडीआई  के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी)  चौधरी शिवराज सिंह; निदेशक (तकनीकी/प्लानिंग एंड डिजाइन)  अजय कुमार; निदेशक (तकनीकी/इंजीनियरिंग सर्विसेज)  राजीव कुमार सिन्हा, मुख्य सतर्कता अधिकारी (C.V.O), सीएमपीडीआई & सीसीएल  पंकज कुमार सहित महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी चौधरी शिवराज सिंह ने सतर्कता टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीएमपीडीआई  की प्रतिष्ठा और जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्य व्यवहार में इन मूल्यों को अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि संस्थान में सतर्कता से जुड़ा कोई मामला लंबित नहीं है और न ही कोई शिकायत एक महीने से अधिक समय से अनसुलझी है। उन्होंने युवा पीढ़ी में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने में स्कूली विद्यार्थियों की भागीदारी की भी सराहना की।

अभियान के तहत 26 अक्टूबर से 1 नवंबर, 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह भी मनाया गया। इस दौरान मुख्य सतर्कता अधिकारी  पंकज कुमार ने भ्रष्टाचार की रोकथाम, तकनीक आधारित प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने और कार्यस्थल पर पारदर्शिता मजबूत करने के लिए सीएमपीडीआई  की ओर से की गई विभिन्न पहलों की जानकारी दी।  इस अभियान के माध्यम से सीएमपीडीआई ने संगठन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करने, नैतिक कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य वातावरण बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *