“हमारी बिटिया पढ़ेगी, बाल विवाह नहीं करेगी।”
चंदौली। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह की रोकथाम एवं जनसामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से आज 27 नवंबर 2026 को को बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर जनपद चंदौली में जागरूकता साइकिल रैली एवं जागरूकता रथ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कवच परियोजना के अंतर्गत मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान तथा महिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली,पूर्णकालीन सचिव निकिता गौंड , अपर पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा जागरूकता रथ एवं साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया। साइकिल रैली जिला प्रोबेशन कार्यालय, चंदौली से प्रारंभ होकर सखी वन स्टॉप सेंटर तक पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने जनसामान्य को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा के महत्व तथा बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। अभियान के अंतर्गत जागरूकता रथ एवं साइकिल रैली के माध्यम से जनपद में “बाल विवाह मुक्त चंदौली” बनाने का संदेश प्रसारित किया गया। जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समुदाय तक बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की उच्च शिक्षा तथा बाल विवाह की सूचना देने की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया।
साइकिल रैली का समापन सखी वन स्टॉप सेंटर में हुआ, जहां उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ ली। सभी ने बाल विवाह न करने, न होने देने तथा अपने समुदाय में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए इसके उन्मूलन में समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। बाल संरक्षण अधिकारी किशन वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक बेटी को बेहतर शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सभी से बाल विवाह के विरुद्ध संकल्प लेने तथा अपने आसपास होने वाले बाल विवाह की सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला बाल संरक्षण इकाई अथवा बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी को देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कवच परियोजना के अंतर्गत मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान द्वारा विकसित दो जागरूकता पोस्टरों का जिला स्तर पर शुभारंभ भी किया गया। इन पोस्टरों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा बाल विवाह की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामुदायिक सहभागिता, विभागीय समन्वय एवं व्यापक जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। बाल विवाह मुक्त चंदौली के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में दीक्षा अग्रहरि, रामविलास, लालमोहन, सतीश, बाल विवाह योद्धा सिम्मी, संस्था से देवेंद्र कुमार, गणेश, शिवम, महिमा, शहनाज़, कृष्ण कुमार, अशोक, जितेंद्र, मुकेश, मनोज एवं प्रीति सहित चंदौली की आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।
