दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी विकास खंड के दिघुल, निमियाडीह और टेढ़ा सहित आसपास के कई गांवों में केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल’ योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। घरों के बाहर नल की टोटियां तो लगा दी गई हैं, लेकिन उनमें आज तक पानी की एक बूंद भी नहीं टपकी है। इस समस्या से त्रस्त ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया और उन्होंने सूखे नल व खाली बाल्टियों के साथ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे मनोज, लालकेश्वर, राजेश, इक़बाल, मुख़्तार सहित अन्य ग्रामीणों ने जल निगम और कार्यदायी संस्था पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय आंकड़ों और कागजों में इन गांवों में सुचारू रूप से जलापूर्ति दिखाई जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत पूरी तरह से शून्य है। कनेक्शन होने के बावजूद टोटियां शोपीस बनकर रह गई हैं, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।नल से पानी न आने के कारण दिघुल, निमियाडीह और टेढ़ा गांव के निवासियों को शुद्ध पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जरूरतों के लिए लोगों को काफी दूर स्थित हैंडपंपों और कुओं से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा गांव की महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है, जिनका कीमती समय पानी की व्यवस्था करने में ही बीत जाता है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए मांग की है कि गांवों में जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाए। साथ ही, कागजों पर फर्जी रिपोर्टिंग कर जलापूर्ति दिखाने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त जांच कर कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को इस जल संकट से निजात मिल सके।
