चन्दौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026’ के तहत विशेष अभियान दिवस के दूसरे दिन जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची अद्यतन कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और निर्वाचन कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं और महिला मतदाताओं के नाम अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर भी लोगों को जागरूक करें और प्राप्त दावों व आपत्तियों का पारदर्शिता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें और पात्र होने पर अपना पंजीकरण कराएं।
