एनटीपीसी के 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में किया गया संगीत संध्या का आयोजन

Spread the love

बीजपुर । एनटीपीसी रिहंद में 52वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सोन शक्ति स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुये कार्यक्रम का आनंद उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि  संजय आसाटी, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती नौलू आसाटी, अध्यक्षा, वर्तिका महिला मंडल समिति द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

समारोह के दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया। सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक नीरज श्रीधर की दमदार प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति से सोन शक्ति स्टेडियम का वातावरण संगीतमय एवं उल्लासपूर्ण हो उठा और दर्शक गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। उपस्थित जनसमूह ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।

इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं सामूहिक सहभागिता के उत्सव को विशेष आयाम प्रदान किया। समारोह ने कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं स्थानीय समुदाय के बीच उत्साह, एकजुटता और आपसी सौहार्द की भावना को और सुदृढ़ किया। स्थापना दिवस का यह आयोजन एनटीपीसी की विकास यात्रा एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *