रेणुकूट। दक्षिणांचल की प्रशासनिक उपेक्षा और विकास से जुड़ी समस्याओं को लेकर दुद्धी को जिला तथा अनपरा और पिपरी को तहसील बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में शुक्रवार को मोर्चा के अध्यक्ष पारसनाथ गुप्त ने उप जिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर शासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सोनभद्र को वर्ष 1989 में जिला बनाए जाने के समय से ही दक्षिणांचल में जिला मुख्यालय स्थापित करने की मांग उठती रही है, लेकिन तीन दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 से दुद्धी को जिला बनाने की मांग लगातार की जा रही है। दक्षिणांचल का बड़ा हिस्सा आदिवासी बाहुल्य है, जहां आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की चुनौतियां बनी हुई हैं। दुद्धी को जिला बनाए जाने से दूरदराज के ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। वहीं अनपरा और पिपरी को तहसील का दर्जा मिलने से लोगों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि इन मांगों पर निर्णय होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इस दौरान प्रमोद जायसवाल, सुनील गुप्ता, सुशील गुप्ता, रमेश जायसवाल, संजय तिवारी और विवेक केशरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सरकार से जनभावनाओं को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
दुद्धी को जिला और अनपरा-पिपरी को तहसील बनाने की मांग ने पकड़ा जोर
