सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने राष्ट्रीय विधिक सेवा जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिंगरौली के समन्वय से 19 नवंबर को क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान (आरएलआई) में विधिक जागरूकता सत्र आयोजित किया। सत्र में संविदा कर्मियों को नई श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, उनके कानूनी अधिकारों, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पॉश), घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक परामर्श एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सिंगरौली के अपर जिला दंडाधिकारी धर्मेंद्र सोनी तथा श्रम अधिकारी राहुल प्रधान अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को कानूनी प्रावधानों, उपलब्ध संरक्षण और शिकायत निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराया। इस अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल के श्री नीरज झा, अधिकारी (मानव संसाधन) और सुश्री प्रज्ञा सिंह, सहायक अधिकारी (विधि) भी उपस्थित रहीं। सत्र का उद्देश्य संविदा कर्मियों की विधिक समझ बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों का प्रयोग करने में सक्षम बनाना था।
एनटीपीसी विंध्याचल में राष्ट्रीय विधिक सेवा जागरूकता सप्ताह के तहत विधिक जागरूकता सत्र आयोजित
