प्रदूषण से कराह रहा सिंगरौली-सोनभद्र, ग्रामीणों ने स्वास्थ्य और जल संकट पर जताई चिंता

Spread the love

चेतवा और फरीपान में सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी की बैठक, वायु और जल प्रदूषण के खिलाफ जनजागरूकता पर जोर

सोनभद्र। सिंगरौली-सोनभद्र औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते वायु और जल प्रदूषण से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोयला आधारित तापीय परियोजनाओं से निकलने वाली राख, औद्योगिक धूल और प्रदूषित पानी के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। सांस संबंधी बीमारियों, खांसी, दमा और त्वचा रोगों की आशंकाओं के बीच ग्रामीणों ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है,स्थानीय ब्लॉक के जरहा ग्राम पंचायत के चेतवा और ग्राम पंचायत फरीपान में सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी की ओर से बैठक आयोजित की गई। क्षेत्रीय संयोजक बेचन राम गोंड की अध्यक्षता में हुई बैठक में सिंगरौली और सोनभद्र में बढ़ते वायु एवं जल प्रदूषण से उत्पन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में तापीय विद्युत परियोजनाएं और औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। बिजली उत्पादन के लिए प्रतिदिन भारी मात्रा में कोयला जलाया जाता है, जिससे निकलने वाली फ्लाई ऐश और औद्योगिक उत्सर्जन पर्यावरण के लिए चुनौती बन रहे हैं। राखड़ के अनुचित निस्तारण, खुले में उड़ती धूल और जलस्रोतों में औद्योगिक अपशिष्ट पहुंचने से हवा, पानी और मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने चिंता जताई कि प्रदूषण का असर केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। लगातार धूल और धुएं के संपर्क में रहने से सांस लेने में परेशानी, दमा, पुरानी खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ने का खतरा है। वहीं दूषित पानी के सेवन से पेट संबंधी बीमारियों और त्वचा रोगों का जोखिम भी बढ़ सकता है। वक्ताओं ने कहा कि प्रदूषण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए गांव स्तर पर हवा और पानी की नियमित जांच तथा स्वास्थ्य सर्वेक्षण जरूरी है।बैठक में यह भी कहा गया कि औद्योगिक विकास के नाम पर स्थानीय लोगों के जीवन, जलस्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों की नियमित निगरानी, फ्लाई ऐश का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, जलस्रोतों की जांच और प्रभावित ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।बैठक में बेचन राम, अवधनारायण यादव, नन्दलाल यादव, उमेश यादव, शिवशंकर, देवनारायण, मीना देवी, प्रेम कुमारी और दिनेश पाण्डेय ,राम नारायण, भुनेश्वर ,सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सहायक अभियंता की भूमिका की जांच की मांग

प्रदूषण प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों ने यूपी प्रदूषण  नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात   एक सहायक अभियंता की भूमिका की भी जांच की मांग उठाई है ।ग्रामीणों ने कहा कि क्रेशर क्षेत्र में कई खामियों को दबाया जाता है और गलत रिपोर्ट के कारण रेणुका नदी में राखंड बहाया जाना रुक नहीं रहा है।इनकी भूमिका और संपत्ति की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *