अनुसूचित जाति-जनजाति के उद्यमियों, स्टार्टअप एवं MSME इकाइयों को मिलेगा सरकारी योजनाओं, बैंक ऋण और GeM पोर्टल का विशेष मार्गदर्शन
पिपरी (सोनभद्र)। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) इकाइयों तथा स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 18 नवंबर 2026, बुधवार को पिपरी में उद्यमिता जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।(DICCI) अध्यक्ष डिक्की उत्तर प्रदेश मनीष वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति हब (NSSHO), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार तथा दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (DICCI), उत्तर प्रदेश चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम नगर पंचायत पिपरी के कल्याण मंडप परिसर में प्रातः 9:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSEs), बैंकों, GeM विशेषज्ञों एवं उद्योग विभाग के अधिकारी प्रतिभागियों को सरकारी खरीद प्रक्रिया, विक्रेता पंजीकरण, GeM पोर्टल, MSME योजनाओं, बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से उद्यमियों को सरकारी विभागों में आपूर्ति एवं खरीद प्रक्रिया से जुड़ने, नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी प्राप्त करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही उद्यमियों को विभिन्न संस्थानों एवं वित्तीय संस्थाओं से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
