छठ मइया के गीतों से गुलजार रहे घाट, आस्था के सैलाब के बीच देर शाम तक चला पूजन-अर्चन
सोनभद्र। “हे सूरज देव बिसव करीं अरजी तोहारि…” और “कांचहि बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय…” जैसे पारंपरिक छठ गीतों से रविवार की शाम क्षेत्र के नदी-तालाब और जलाशय गूंज उठे। सूर्य षष्ठी के अवसर पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और सुहाग की रक्षा की कामना की। शाम चार बजे से ही व्रती महिलाएं और उनके परिजन सिर पर दउरा, हाथों में सूप तथा पूजन सामग्री लेकर गाजे-बाजे के साथ घाटों की ओर रवाना होने लगे। जैसे ही भगवान भास्कर अस्ताचल की ओर बढ़े, जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से अघ्र्य दिया। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। महिलाएं छठ मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए भक्ति में लीन नजर आईं। कुछ व्रती महिलाओं ने घर से घाट तक दंडवत करते हुए अपनी यात्रा पूरी की।
अर्घ्य के बाद व्रती महिलाओं ने अपनी-अपनी वेदी पर गन्ने का मंडप सजाया और उसके बीच देशी घी का दीपक जलाकर पूजा-अर्चना किया। कई स्थानों पर महिलाएं रातभर घाटों पर बने पूजा स्थलों पर जागरण करती रहीं। घाटों पर टेंट और प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रही। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। स्थानीय कस्बे के अलावां ढुटेर, उसरी, सहुआर, राजपुर, बरौली, जमगांव, ओड़हथा, ओबराडीह, कुसी निस्फ, खजूरी, कैथी द्वितीय और गौरीशंकर सहित विभिन्न गांवों में छठ पर्व पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।
36 घंटे के कठिन व्रत में दिखी अटूट आस्था
छत्तीस घंटे का कठिन निर्जला व्रत महिलाएं पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ करती हैं। इस पर्व के प्रति आस्था का ही प्रभाव है कि सुबह जल्दी उठने में आनाकानी करने वाले बच्चे और बड़े भी छठ के अवसर पर भोर में ही घाटों पर पहुंच जाते हैं। व्रती महिलाओं के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी पूरी निष्ठा से पर्व की तैयारियों और अनुष्ठानों में जुटे रहते हैं।
समरसता और सामूहिक सहयोग का पर्व
डाला छठ ऐसा महापर्व है, जिसमें पूरा परिवार ही नहीं, बल्कि आस-पड़ोस और नाते-रिश्तेदार भी सहभागी बनते हैं। हर कोई अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करता है। घाटों पर महिलाओं के सामूहिक गीत, श्रद्धालुओं का उत्साह और लोगों का आपसी सहयोग सामाजिक समरसता की सुंदर तस्वीर पेश करता नजर आया।
