लोकआस्था के महापर्व छठ की छटा से गुलजार हुए बाजार,गूंजने लगे छठी मइया के गीत, खरना के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ

Spread the love

बीजपुर, सोनभद्र। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा क्षेत्र में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छठ पर्व को लेकर बीजपुर क्षेत्र में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। घाट सजकर तैयार हैं और बाजारों में छठ पूजा की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। वहीं, गांवों और कस्बों की गलियों से लेकर बाजारों तक छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया है। बीजपुर क्षेत्र में मां दुधहिया देवी मंदिर,एनटीपीसी लेक पार्क, बीजपुर बाजार सब्जी मंडी,रिहंदेश्वर धाम,अजीरेश्वर धाम जरहां सहित विभिन्न नदियों और तालाबों के किनारे छठ घाट बनाए गए हैं। 
शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ हो चुका है। शनिवार को खरना का व्रत रखा जाएगा। शाम को व्रती महिलाएं गुड़ की खीर और रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी। इसके बाद रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन होगा।
छठ पर्व को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। चारों ओर छठी मइया के गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच क्षेत्र में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *