गन्ना क्रय केंद्र अन्यत्र शिफ्ट करने पर किसानों का विरोध प्रदर्शन

Spread the love

भरौली में केंद्र स्थापित करने पर जताई आपत्ति

ब्रह्मचारी बाबा के पास ही क्रय केंद्र लगाने की मांग सैकड़ो गन्ना किसान धरने पर बैठे

आलापुर, अम्बेडकर नगर। विकासखण्ड जहांगीरगंज के ब्रह्मचारी बाबा गन्ना क्रय केंद्र को भरतपुर से हटाकर भरौली गांव के पास स्थापित किए जाने की तैयारी का किसानों ने विरोध किया है। सैकड़ो गन्ना किसान ब्रह्मचारी बाबा स्थान पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए और अपनी नाराजगी जताते हुए गन्ना क्रय केंद्र को पूर्व की तरह ब्रह्मचारी बाबा कुटी के पास ही संचालित करने की मांग की। किसान ब्रह्मचारी जी के स्थान पर गन्ना क्रय केंद्र लगाने हेतु अपनी जमीन भी मुहैया करने को तैयार हैं। गौरतलब है कि कुछ लोग वहां पर क्रय केंद्र लगने का विरोध भी कर रहे हैं। मजे की बात यह है कि क्रय केंद्र भी बाबा ब्रह्मचारी जी के नाम से ही एलॉट है।


किसानों का कहना है कि पहले यह क्रय केंद्र भरतपुर में लगता था, जिससे आसपास के किसानों को गन्ना तौल कराने में काफी सहूलियत होती थी अब इसे हटाकर भरौली गांव के पास स्थापित किए जाने से किसानों को अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी। इसके अलावा प्रस्तावित स्थान पर पर्याप्त जगह भी नहीं है। ऐसे में गन्ना लेकर आने वाले किसानों और ट्रैक्टर ट्रालियों को आवागमन व खड़े होने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गन्ना क्रय केंद्र का स्थान निर्धारित करते समय किसानों की सुविधा, दूरी और पर्याप्त जगह का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। किसान धर्मेंद्र यादव, रामा यादव, गुलाब यादव,महावीर,दिनेश, विश्वनाथ यादव, संजय, गोमती , उमापति यादव, योगेन्द्र, शैलेन्द्र ,राम आसरे , रोहित,राधेश्याम,सागर,रामप्रीत,दुलारे,राजेश,संदीप,देवमन,जवाहर यादव,समेत बड़ी संख्या में किसानों ने भरौली में क्रय केंद्र स्थापित किए जाने पर आपत्ति जताई। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन यादव ने भी किसानों की मांग का समर्थन करते हुए संबंधित अधिकारियों से किसानों की सुविधा के अनुसार क्रय केंद्र स्थापित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्र ऐसी जगह लगाया जाए, जहां किसानों को गन्ना पहुंचाने और तौल कराने में किसी तरह की असुविधा न हो। गन्ना किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में क्रय केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।ऐसे में केंद्र का स्थान बदलने से पहले किसानों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *