सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी के 52 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 7 नवंबर को एनटीपीसी विंध्याचल ने नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आसपास के सरकारी विद्यालयों को 105 सीलिंग पंखे एवं 4 वाटर कूलर वितरित किए। शैक्षिक विकास एवं सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए परियोजना ने इस विशेष पहल के माध्यम से विद्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में योगदान दिया।
इस अवसर पर किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल); एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण); डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएँ); देवब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ एवं परियोजनाएँ); निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम); सी.बी. ओझा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम); टी.एन. सीतारामन, महाप्रबंधक (रसायन) तथा अनिरुद्ध सिंह, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल), उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रीमती पद्मालया होता, अध्यक्षा (सुहासिनी संघ) अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं। साथ ही सीआईएसएफ के प्रतिनिधियों एवं विद्यालयों के प्राचार्यों ने भी सहभागिता की।
कक्षाओं में गर्मी से राहत तथा सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने वाली इस पहल ने विद्यार्थियों के लिए स्वस्थ एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देते हुए स्थापना दिवस समारोह को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा।
एनटीपीसी के 52 वें स्थापना दिवस पर विंध्याचल की विशेष पहल, सरकारी विद्यालयों को दिए 105 पंखे एवं 4 वाटर कूलर
