एनटीपीसी ऊँचाहार में एनटीपीसी का 52वाँ स्थापना दिवस भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Spread the love

ऊँचाहार, । एनटीपीसी के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर फिरोज गांधी ऊँचाहार ताप विद्युत परियोजना में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना में वृक्षारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्युत उत्पादन में उत्कृष्टता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक विकास एवं सतत ऊर्जा के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया।

समारोह की शुरुआत अरखा ऐश डाइक के निकट जिला वन विभाग के सहयोग से आयोजित वृक्षारोपण अभियान से हुई, जिसमें लगभग 4,000 पौधे लगाए गए। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में एनटीपीसी ऊँचाहार के प्रयासों को दर्शाती है। वृक्षारोपण के माध्यम से परियोजना ने स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।

स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ डॉ. अंबेडकर सभागार में एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री गुरदीप सिंह के संबोधन के सीधे प्रसारण के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक श्री बिस्वा मोहन सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस अवसर पर  बिस्वा मोहन सिंह, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात एनटीपीसी गीत के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में  दिलीप कुमार साहू, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), श्रीमती मीनाक्षी साहू, उपाध्यक्षा,( प्रियदर्शिनी लेडीज क्लब), सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट (अग्निशमन एवं सुरक्षा), यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सभी विभागाध्यक्ष, प्रियदर्शिनी लेडीज क्लब के प्रतिनिधि सहित कर्मचारीगण, तथा कर्मचारी परिवारजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर  बिस्वा मोहन सिंह ने अपने संबोधन में एनटीपीसी की 51 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, विद्युत उत्पादन में उत्कृष्टता तथा राष्ट्र के विकास में कंपनी के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने परियोजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की सफलता उसके कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, टीम भावना और निरंतर बेहतर कार्य करने के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी उत्कृष्टता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान गुब्बारे छोड़ने, केक कटिंग एवं एनटीपीसी क्विज जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

स्थापना दिवस के अवसर पर परियोजना परिसर में विभिन्न विकासात्मक एवं पर्यावरणीय पहलों का भी उद्घाटन किया गया। इनमें स्टेज-IV सर्विस बिल्डिंग में सोलर कार पोर्ट, डीएम प्लांट स्टेज-I में 160 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट, मेक-अप एवं रॉ वाटर पंप हाउस में रॉ वाटर एवं स्टेज-I सीडब्ल्यू सिस्टम के लिए CLO₂ प्रणाली तथा रेलवे गेट संख्या-04 के निकट वर्षा जल संचयन कार्य शामिल रहे।

एनटीपीसी ऊँचाहार निरंतर विद्युत उत्पादन में उत्कृष्टता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। स्थापना दिवस के इस अवसर पर परियोजना ने राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ एक स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण के अपने संकल्प को दोहराया। एनटीपीसी की 51 वर्षों की गौरवशाली यात्रा देश की ऊर्जा सुरक्षा, तकनीकी प्रगति एवं राष्ट्र निर्माण में उसके महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *