प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में आज दिनांक 06 नवंबर 2026 को मंडल कार्यालय स्थित सभागार में राजभाषा प्रदर्शनी-2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी दीपक कुमार तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम. एम. वारिस उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी दीपक कुमार ने राजभाषा के क्षेत्र में मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रदर्शनी में मंडल की सभी शाखाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं उसकी प्रगति को विभिन्न अभिलेखों, दस्तावेजों तथा अन्य माध्यमों से प्रस्तुत किया। इसमें राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत जारी किए जाने वाले कागजात, मूल पत्राचार एवं नोटिंग में हिंदी का प्रयोग, कंप्यूटर पर हिंदी में कार्य, तकनीकी कार्यों में हिंदी का उपयोग तथा कार्यालयों द्वारा किए गए विशेष कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सभी शाखाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इस प्रकार के नवोन्मेषी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का प्रयोग बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
प्रदर्शनी का मूल्यांकन वरिष्ठ अधिकारियों के निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया जायेगा । इसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) श्री दीपक कुमार एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम. एम. वारिस शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक मंडल वित्त प्रबंधक-III सह राजभाषा अधिकारी राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर मंडल की सभी शाखाओं के शाखा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे।
