एमसीएल की छह (06) खदानों को मिला कोयला मंत्रालय का 5-स्टार रेटिंग सम्मान

Spread the love

संबलपुर, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने कोयला मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए प्रदान किए गए स्टार रेटिंग पुरस्कारों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एमसीएल की कुल 14 कोयला खदानों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। इनमें पांच (05) खुली खदानें—लाजकुरा, सियारमल, अनंता, लिंगराज एवं समलेश्वरी खुली खदान तथा हिराखंड बुंदिया भूमिगत खदान को प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है।

उदय अनंत काओले, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक ने रायपुर,छत्तीसगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे द्वारा पुरस्कार प्राप्त किए। इस अवसर पर अध्यक्ष,कोल इंडिया लिमिटेड तथा कोयला मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी गण भी उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त, पांच (05) खुली खदानों—गरजनबहाल, गोपालजी-कनिहा एक्सपेंशन, भुवनेश्वरी, हिंगुला एवं जगन्नाथ कोलियरी तथा नंदिरा भूमिगत खदान को 4-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। वहीं, दो खुली खदानों—बसुंधरा वेस्ट ओसीपी एवं भरतपुर क्षेत्र को 3-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है।

इस उपलब्धि पर सीएमडी काओले ने एमसीएल टीम को बधाई देते हुए कहा कि “यह सम्मान सुरक्षित, सतत एवं प्रौद्योगिकी-आधारित खनन पद्धतियों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इसके साथ ही, राष्ट्र को निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के हमारे संकल्प को भी प्रतिबिंबित करते हैं। एमसीएल परिचालन उत्कृष्टता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रयासरत रहेगी।”

यह उपलब्धि एमसीएल की परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता एवं जिम्मेदार खनन के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। साथ ही, कुशल एवं सतत कोयला उत्पादन के माध्यम से राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के एमसीएल के संकल्प को और सुदृढ़ करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *