(‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संदेश लेकर निकला वॉकथॉन; एकता, ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक कार्यसंस्कृति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता)
सिंगरौली,। एनटीपीसी सिंगरौली में राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता रैली एवं सतर्कता जागरूकता रैली (वॉकथॉन) का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता के साथ ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक आचरण के मूल्यों को सुदृढ़ करने और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। रैली का शुभारंभ अंबेडकर भवन, टाउनशिप परिसर से हुआ और इसका समापन सिद्धार्थ भवन अतिथि गृह में हुआ। एनटीपीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सीआईएसएफ के जवानों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं कॉलोनीवासियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता और सत्यनिष्ठा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एवं अंजन कुमार पाल, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन) ने उपस्थित जनसमूह को सतर्कता जागरूकता से संबंधित शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के साथ व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अगम प्रकाश तिवारी ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल एक नैतिक मूल्य नहीं, बल्कि सतत एवं समावेशी समृद्धि का आधार है। किसी भी संस्थान की वास्तविक प्रगति उसकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निर्णयों में निष्पक्षता और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही से सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन एक सशक्त, विश्वसनीय और पारदर्शी कार्यसंस्कृति के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रैली में अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण);अंजन कुमार पाल, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन); सुनील कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी); सौमित्र घोष, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐश डाइक प्रबंधन); अवनीश कुमार सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं); विवेक आर्य, कमांडेंट, सीआईएसएफ; सुशोभन दास, सतर्कता प्रमुख तथा प्रणव वर्मा, मानव संसाधन प्रमुख सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन तथा डॉ. अंबेडकर विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इससे पूर्व सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत बच्चों, महिलाओं, एनटीपीसी कर्मचारियों, सीआईएसएफ कर्मियों, संविदा कर्मियों तथा विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की सहभागिता से अनेक जागरूकता कार्यक्रम, संवादपरक गतिविधियां एवं प्रेरक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज एवं कार्यस्थल के विभिन्न वर्गों तक सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता का संदेश पहुंचाना तथा विशेष रूप से युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिक आचरण के प्रति चेतना विकसित करना रहा। व्यापक सहभागिता के माध्यम से अभियान ने यह संदेश सुदृढ़ किया कि सतर्कता केवल संस्थागत व्यवस्था नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सजगता, नैतिक आचरण और जिम्मेदार सहभागिता से विकसित होने वाली सामूहिक कार्यसंस्कृति है।
कार्यक्रम का संयोजन सुशोभन दास, सतर्कता प्रमुख, एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संबंधित विभागों एवं सहयोगी टीमों की सक्रिय सहभागिता रही। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सतर्कता जागरूकता रैली का समापन इस सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के संदेश को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक कार्यप्रणाली एवं व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाया जाएगा। कार्यक्रम ने राष्ट्रीय एकता से संगठनात्मक एकजुटता और सत्यनिष्ठा से संस्थागत उत्कृष्टता की भावना को सशक्त रूप से रेखांकित किया।
