एकता, अखंडता और ईमानदारी के संदेश के साथ एनटीपीसी कहलगांव में यूनिटी रन का आयोजन

Spread the love

कहलगांव। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अवसर पर एनटीपीसी कहलगांव में उत्साह एवं उमंग के साथ ‘यूनिटी रन सह मिनी मैराथन’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश प्रसारित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा, महाप्रबंधक (ओ अँड एम) मनोरंजन परिडा एवं सीआईएसएफ कमांडेंट भारती नंदन उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभागाध्यक्षों, सृष्टि समाज के वरिष्ठ सदस्यों, यूनियन एवं असोसिएशन के पदाधिकारीगन, कर्मचारियों एवं टाउनशिप निवासियों तथा सीआईएसएफ कर्मियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजन की शुरुवात अंबेडकर स्टेडियम से प्रातः 6 बजे प्रारंभ हुई। मैराथन में विभिन्न आयु वर्गों के बालक-बालिकाओं, कर्मचारियों, महिलाओं एवं सीआईएसएफ कर्मियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों का उत्साह और सामूहिक भागीदारी आयोजन के आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रिय एकता शपथ एवं सतर्कता शपथ दिलाई गई। परियोजना प्रमुख श्री रविन्द्र शर्मा ने अपने संभोधन में सभी को व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं एवं सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी कहलगांव की NGO, चेतना द्वारा वस्त्र दान अभियान का भी शुभारंभ किया गया। एनटीपीसी कहलगांव के मानव संसाधन विभाग एवं सतर्कता विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम खेल भावना, सामुदायिक सहभागिता और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। इसने स्वस्थ समाज, सशक्त एवं एकजुट राष्ट्र तथा पारदर्शी और ईमानदार कार्यसंस्कृति के निर्माण का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *