मेजा ऊर्जा निगम की विद्युत उत्पादन क्षमता 1,320 मेगावाट,प्रस्तावित विस्तार क्षमता 5,600 मेगावाट तक पहुँचाने का लक्ष्य – जी. श्रीनिवास राव

Spread the love

जैव विविधता के संरक्षण, वन्यजीवों के अनुकूल सुरक्षित प्राकृतिक आवास के विकास तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के प्रति मेजा ऊर्जा निगम प्रतिबद्ध

मेजा ऊर्जा निगम द्वारा ‘प्रेस वार्ता 2026 का आयोजन*

प्रयागराज। मेजा ऊर्जा निगम लिमिटेड, मेजा द्वारा 31 अक्टूबर को ‘प्रेस वार्ता 2026’ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख समाचार पत्रों एवं मीडिया संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत विवेक चंद्रा, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) द्वारा स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों का हार्दिक अभिनंदन किया।इसके पश्चात मेजा ऊर्जा निगम के स्टेशन प्रदर्शन, सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों, प्रमुख उपलब्धियों तथा पर्यावरणीय प्रयासों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

 जी. श्रीनिवास राव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेजा ऊर्जा निगम ने मीडिया को संबोधित करते हुए मेजा ऊर्जा निगम की उपलब्धियों और प्रमुख कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने संगठन की सामुदायिक विकास एवं सतत वृद्धि के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा अन्य सामाजिक दायित्व गतिविधियों के बारे में भी मीडिया से बात की।

कार्यक्रम में मेजा ऊर्जा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें अशोक कुमार समल, महाप्रबंधक (परिचालन एवं अनुरक्षण); शरद सिंह, महाप्रबंधक (परियोजना); समीर शर्मा, महाप्रबंधक (परिचालन एवं ईंधन प्रबंधन); नीरज कुमार, महाप्रबंधक (अनुबंध एवं सामग्री); अंग्शु बरुआ, मुख्य वित्त अधिकारी तथा अजय सिंह, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) शामिल रहे।

मेजा ऊर्जा निगम की वर्तमान स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 1,320 मेगावाट है तथा प्रस्तावित क्षमता विस्तार के माध्यम से इसे 5,600 मेगावाट तक पहुँचाने का लक्ष्य है। निगम की विस्तार योजना के अंतर्गत स्टेज-II परियोजना को मई 2026 में उत्तर प्रदेश सरकार से स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस परियोजना के तहत 800 मेगावाट की तीन इकाइयों अर्थात कुल 2,400 मेगावाट की विद्युत उत्पादन क्षमता स्थापित की जाएगी, जिसमें सुपर क्रिटिकल तकनीक का उपयोग किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मेजा ऊर्जा निगम ने 7,744.28 मिलियन यूनिट (MU) विद्युत का उत्पादन किया तथा 66.97% प्लांट लोड फैक्टर (PLF) और 89.24% घोषित क्षमता (DC) हासिल की।  मेजा ऊर्जा निगम सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान दे रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹11.51 करोड़ के स्वीकृत CSR बजट के सापेक्ष ₹12.714 करोड़ व्यय किए गए, जो समाज के समग्र विकास एवं जनकल्याण के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इसके अतिरिक्त, मेजा ऊर्जा निगम द्वारा काले हिरण (ब्लैक बक) के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु चांद खमरिया क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान वन विभाग को ₹2 करोड़ 19 लाख की धनराशि प्रदान की गई है। यह पहल जैव विविधता के संरक्षण, वन्यजीवों के अनुकूल सुरक्षित प्राकृतिक आवास के विकास तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के प्रति मेजा ऊर्जा निगम की पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है। इस प्रेस मीट का मुख्य उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद को सुदृढ़ करना तथा परियोजना की प्रगति और सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों के संबंध में जानकारी साझा करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *