रेल कर्मचारियों में सतर्कता, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल*
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत आज दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को प्रयागराज मंडल कार्यालय के सभागार हॉल में क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेल कर्मचारियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजगता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस प्रतियोगिता का आयोजन कार्मिक विभाग द्वारा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वैभव कुमार गुप्ता की देखरेख में किया गया। प्रतियोगिता में रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी ज्ञान क्षमता, तार्किक सोच तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया। क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों के सामान्य ज्ञान, सतर्कता संबंधी प्रावधानों, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार निवारण से जुड़े विषयों की जानकारी का आकलन किया गया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सतर्कता, ईमानदारी, नैतिक आचरण एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा दैनिक कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता को अपनाने पर बल दिया गया। प्रयागराज मंडल द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने और रेलवे में पारदर्शी, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
