दीपावली से पहले सीआईएसएफ ने चलाया अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान

Spread the love

बीजपुर (सोनभद्र)। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के फायर विंग, एनटीपीसी रिहंद द्वारा मंगलवार आईटीआई नकटू, बीजपुर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के 90 प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को आग से बचाव और अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा विशेषज्ञों ने आग लगने के प्रमुख कारणों, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल, पटाखे जलाते समय आवश्यक सावधानियों तथा आग लगने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सही इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, ताकि प्रशिक्षणार्थी एवं कर्मचारी आपात स्थिति में आग पर काबू पाने के लिए प्रारंभिक स्तर पर प्रभावी कदम उठा सकें।
सीआईएसएफ फायर विंग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सूझबूझ और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से संस्थान में अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया। दीपावली के मद्देनजर पटाखों तथा बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में सीआईएसएफ फायर विंग की ओर से सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों से अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने, स्वयं सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया, ताकि दीपावली का पर्व सुरक्षित एवं खुशहाल वातावरण में मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *