*-बीएचयू में आयोजित प्रतियोगिता में सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम*
वाराणसी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने तकनीकी ज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित टीसीएस ग्रामीण आईटी क्विज प्रतियोगिता में सर्वोदय विद्यालय नारायणपुर, प्रतापगढ़ के कक्षा नौ के छात्र सक्षम सिंह ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, सर्वोदय विद्यालय सोनभद्र के छात्र कृषेश पांडेय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच दोनों विद्यार्थियों ने अपने सूचना प्रौद्योगिकी और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब देकर सफलता हासिल की।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा और तकनीकी समझ का प्रमाण है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।टीसीएस ग्रामीण आईटी क्विज का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों में तकनीकी समझ और सूचना प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाना है। प्रतियोगिता में इंटरनेट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक और कंप्यूटर सहित विभिन्न विषयों से प्रश्न पूछे जाते हैं। क्षेत्रीय विजेता को नवंबर में बेंगलुरु में प्रस्तावित राष्ट्रीय फाइनल में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता को एक लाख और उपविजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
