पटना। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-I मुख्यालय की ओर से 27-28 अक्टूबर 2026 को पटना के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यालय-सह-आवासीय परिसर के अलावा गांधी मैदान और डाक बंगला मार्केट में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश दिया।

नाटक के जरिए दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों को अपनाने, सतर्क रहने और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की गई। कलाकारों ने भ्रष्टाचार की रोकथाम और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और आम लोगों को सत्यनिष्ठा, जवाबदेही तथा भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर एनटीपीसी के महाप्रबंधक (प्रचालन सेवाएं) श्रीकांत केरहालकर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विल्सन अब्राहम, उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चंदन सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
