एनसीएल ने  साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार पर जागरूकता सत्र का किया आयोजन

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली। शनिवार को सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के आलोक में साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एआई के युग में साइबर अपराधियों से बचाव हेतु साइबर सुरक्षा उपायों पर ‘बिकमिंग साइबर ब्लैक बेल्ट’ शीर्षक के तहत एक वर्चुअल जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान अनीश प्रसाद, आईपीएस, इंस्पेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस, क्राइम ब्रांच अगरतला, ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस दौरान एनसीएल सीएमडी व निदेशक गण, सीवीओ, एनसीएल, कृति महिला मंडल की अध्यक्षा, उपाध्यक्षागण व सहित मुख्यालय और सभी परियोजना एवं इकाइयों के महाप्रबंधक, विभागध्यक्ष अधिकारी, कर्मचारियों तथा उनके पारिवारिक सदस्यों ने भाग लिया। व्याख्यान सत्र के शुभारंभ में सीएमडी एनसीएल, एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने ऐसे आयोजनों को वर्तमान साइबर परिदृश्य में बेहद प्रासंगिक बताया। साथ ही कर्मियों के साथ साथ पारिवारिक सदस्यों को ऐसे कार्यक्रमों से जुड़कर लाभ लेने का आह्वान किया।

श्री प्रसाद ने ऑनलाइन भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, एकीकृत भुगतान प्रणाली के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने अज्ञात संदेशों, संदिग्ध कड़ियों तथा अनाधिकृत भुगतान संबंधी अनुरोधों के प्रति सतर्क रहने और अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त अनीश प्रसाद ने एआई के बढ़ते उपयोग के साथ सामने आ रही साइबर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों, पहचान की नकल कर धोखाधड़ी करने, फर्जी आवाज एवं दृश्य के माध्यम से लोगों को भ्रमित करने तथा तकनीक का दुरुपयोग कर अपराध करने जैसे मामलों के उदाहरण साझा किए। सत्र में उन्होंने  एआई आधारित उपकरणों के उपयोग तथा उनसे संबंधित सावधानियों, बच्चों पर मोबाइल के उपयोग के दुष्प्रभाव, उनकी डिजिटल गतिविधियों पर अभिभावकीय निगरानी रखने तथा बच्चों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार विकसित करने के बारे में बताया।

यह जागरूकता सत्र एनसीएल सतर्कता विभाग द्वारा आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य एनसीएल कर्मियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना, डिजिटल सुरक्षा संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना तथा कार्यस्थल एवं व्यक्तिगत जीवन में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक, सतर्कता द्वारा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *