रेणुकूट। बिड़ला कार्बन रेणुकूट के सीएसआर विभाग द्वारा यूनिट हेड शिवशंकर सिंह और मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा-निर्देशन में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों के उपचार और पोषण की व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में बभनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 40 टीबी मरीजों को पोषाहार पोटली वितरित की गई। इस दौरान सीएसआर प्रतिनिधि ने बताया कि टीबी मरीजों की शारीरिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए सीएमओ कार्यालय की ओर से निर्धारित डाइट प्लान के अनुसार पोषाहार उपलब्ध कराया जाता है। इसमें विभिन्न प्रकार के पोषक तत्व और प्रोटीन शामिल होते हैं, जिससे मरीजों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने और उनके स्वास्थ्य में जल्द सुधार लाने में मदद मिलती है। पोषाहार के साथ मरीजों को दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाती है, ताकि दवा और पोषण लेने के बाद उनके स्वास्थ्य में हो रहे सुधार का पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि बिड़ला कार्बन सीएसआर ने अक्टूबर 2023 में इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। अक्टूबर 2026 तक यह अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जब तक भारत टीबी मुक्त नहीं हो जाता, तब तक मरीजों की सहायता के लिए यह प्रयास जारी रखने का संकल्प है। उद्देश्य है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ और निरोग जीवन जी सके। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंकित सिंह, निवेदिता मुखर्जी, डॉ. एके चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
