आलापुर, अंबेडकर नगर। शारदीय नवरात्रि की पवित्र नवमी तिथि पर माताओं बहनों ने कन्यापूजन के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद प्रसाद ग्रहण कर नौ दिन के व्रत को पूर्ण किया। विकास खण्ड जहांगीरगंज अन्तर्गत ग्राम कल्यानपुर में कल्याणेश्वर महादेव मंदिर एवं आदिशक्ति जगदम्बा की पूजा अर्चना के बाद माताओं बहनों ने कन्यापूजन किया। इस दौरान छोटी छोटी बेटियों का भरपूर श्रृंगार किया और उन सभी कन्याओं को मेवा, मिष्ठान, फल के साथ हलवा पूड़ी खिलाकर कन्याओं को उपहार देकर आशीर्वाद लिया। काली जी के मंदिर पर कन्या पूजन एवं उन्हें भोजन प्रसाद ग्रहण करवाया गया। इस दौरान घरों में नौ दिन का व्रत रखने वाली माताओं बहनों को अपने अपने घर कन्याओं को बुलाकर उन्हें भोजन और उपहार दिया गया। शारदीय नवरात्रि पर्व के नौवें दिन गांवों में काफी चहल पहल देखी गई और परिवार के लोग छोटी बेटियों को बड़े ही आदर और सम्मान के साथ अपने घर बुलाकर उनका स्वागत सम्मान और कन्यापूजन किया।
कन्यापूजन के साथ समाप्त हुआ नवरात्रि व्रत
