24 अक्टूबर को फिर लगेंगे विशेष कैंप
सोनभद्र। जनपद में मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत दुद्धी विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश में तीसरा और घोरावल ने चौथा स्थान हासिल किया है। 17 अक्टूबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के 1,662 मतदान स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में आयोजित कैंपों में पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाए गए। प्राप्त आवेदनों के अनुसार दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में 2,857 फॉर्म-6 जमा हुए, जबकि घोरावल में 2,766 आवेदन प्राप्त हुए। इसी तरह रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र में 2,067 आवेदन प्राप्त होने पर उसे प्रदेश में 14वां स्थान मिला, जबकि ओबरा 1,670 आवेदनों के साथ 67वें स्थान पर रहा।
अभियान की निगरानी और प्रभावी संचालन के लिए 143 सेक्टर ऑफिसर तथा 40 जनपद स्तरीय अधिकारियों को तैनात किया गया था। सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान स्थलों पर मतदाता सूची और फॉर्म-6 के साथ उपस्थित रहे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी भ्रमणशील रहकर अभियान की निगरानी करते रहे।
मतदाता पंजीकरण में राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 9 और 16 अक्टूबर को उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की गईं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी पिटवाकर और नगरीय क्षेत्रों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार कराया गया।अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का पंजीकरण कराने तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र नागरिकों को अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि आगामी 24 अक्टूबर को भी विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से पंजीकरण कराने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
