आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने किया वाराणसी केंद्र का दौरा

Spread the love

कार्यक्रमों की गुणवत्ता, श्रोता संख्या एवं राजस्व वृद्धि पर दिया विशेष जोर; ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत किया पौधरोपण

वाराणसी,। आकाशवाणी महानिदेशालय, नई दिल्ली के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने आज आकाशवाणी वाराणसी केंद्र का दौरा किया। केंद्र आगमन पर क्लस्टर प्रमुख-सह-केंद्राध्यक्ष उपमहानिदेशक राहुल सिंह ने स्मृति-चिह्न तथा कार्यक्रम प्रमुख प्रफुल्ल सिन्हा ने अंगवस्त्र पहना कर उनका स्वागत किया।

दौरे के दौरान महानिदेशक ने केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रमों की गुणवत्ता में सुधार, श्रोताओं की संख्या में वृद्धि, राजस्व संवर्धन तथा प्रसारण सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान महानिदेशक ने काशी की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के अनुरूप कार्यक्रमों के निर्माण एवं प्रसारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी के कार्यक्रमों के माध्यम से समसामयिक विषयों को प्रभावी ढंग से जनसामान्य तक पहुँचाने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति, परंपराओं एवं लोक कलाओं को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे श्रोताओं को उपयोगी एवं प्रासंगिक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही आकाशवाणी के साथ उनका जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ होगा।

बैठक में कार्यक्रमों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, अधिकाधिक श्रोताओं तक प्रसारण की पहुँच सुनिश्चित करने तथा राजस्व वृद्धि के लिए उपलब्ध संभावनाओं का प्रभावी उपयोग करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान केंद्र के विभिन्न अनुभागों के अधिकारियों के साथ प्रसारण सेवाओं को अधिक प्रभावशाली, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोपयोगी बनाने के उपायों की समीक्षा की गई।

दौरे के दौरान महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने आकाशवाणी परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिवेश के विकास तथा प्रकृति के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। आकाशवाणी के महानिदेशक का यह दौरा आकाशवाणी वाराणसी की प्रसारण सेवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने तथा श्रोताओं के साथ जुड़ाव सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इस अवसर पर सहायक निदेशक अभियांत्रिकी सुधीर कुमार राय, सहायक अभियंता अरुण सिंह, अरुण मिश्रा , कार्यक्रम अधिशासी दिलीप यादव, चन्दन सिंह, आशुतोष कुमार, अलोक कुमार, आकांक्षा सिंह समेत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *