एनटीपीसी विंध्याचल को मिला लगातार तीसरे वर्ष विश्व सुरक्षा संगठन का प्रतिष्ठित प्लेटिनम अवार्ड 2026

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने सुरक्षा उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए लगातार तीसरे वर्ष प्रतिष्ठित विश्व सुरक्षा संगठन इंडिया के व्यावसायिक स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण अवार्ड 2026 की प्लेटिनम (फाइव स्टार श्रेणी) में सम्मान प्राप्त किया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 13 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आयोजित पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया। एनटीपीसी विंध्याचल की ओर से वी. एच. राव मड्डीपटला, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) ने यह सम्मान ग्रहण किया। देश के सबसे बड़े ताप विद्युत संयंत्र में 850 से अधिक कर्मचारियों एवं 6,700 संविदा श्रमिकों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों और उत्कृष्ट सुरक्षा प्रबंधन का यह महत्वपूर्ण प्रमाण है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर टीम विंध्याचल को बधाई देते हुए किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने इस सफलता का श्रेय कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, कार्यबल के निरंतर प्रशिक्षण एवं विभिन्न विभागों द्वारा अपनाए जा रहे सक्रिय सुरक्षा उपायों को दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है और यह संयंत्र की कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग है। लगातार तीसरे वर्ष इस प्रतिष्ठित सम्मान की प्राप्ति सुरक्षा के क्षेत्र में एनटीपीसी विंध्याचल के नेतृत्व, सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति तथा सुरक्षित, स्वस्थ एवं सतत कार्यस्थल के निर्माण के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को पुनः प्रमाणित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *