स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत प्रयागराज मंडल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुपालन पर विशेष अभियान जारी

Spread the love

  प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 11 से 15 अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 के अनुपालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस पांच दिवसीय अभियान का उद्देश्य रेलवे के दैनिक कार्यों में कचरे के उचित प्रबंधन, पृथक्करण एवं सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।

अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, सफाई कर्मियों, ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग (OBHS) स्टाफ, पैंट्री एवं कैटरिंग कर्मचारियों, स्टेशन वेंडरों तथा ठेकेदारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए जागरूकता सत्र, प्रशिक्षण कार्यक्रम, शपथ अभियान तथा पोस्टर एवं सूचना सामग्री के माध्यम से कचरे को सही तरीके से अलग करने और उसका उचित निस्तारण करने की जानकारी दी जा रही है।

इस अभियान के तहत स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालयों में गीले, सूखे, सैनिटरी तथा विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। संबंधित कर्मचारियों को कचरा उत्पन्न होने के स्थान पर ही उसका पृथक्करण सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बन सके।

इसके अतिरिक्त, बड़े पैमाने पर कचरा उत्पन्न करने वाली रेलवे इकाइयों, जैसे प्रमुख स्टेशनों, कार्यशालाओं, अस्पतालों एवं बड़ी रेलवे कॉलोनियों की पहचान कर उनके पंजीकरण और नियमों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। कचरा प्रबंधन के लिए उपलब्ध कम्पोस्टिंग, बायोगैस प्लांट, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) तथा प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन जैसी सुविधाओं की उपलब्धता एवं उपयोग की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है।

अभियान के दौरान कचरा प्रबंधन से संबंधित कमियों की पहचान कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। साथ ही, संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत 15 अक्टूबर तक निर्धारित कार्ययोजना एवं अनुपालन संबंधी जानकारी प्रस्तुत की जा रही है। प्रयागराज मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के माध्यम से रेलवे परिसर में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था विकसित करने, कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों एवं यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *