आशा ट्रस्ट द्वारा आयोजित बालिका महोत्सव में नशा, बालविवाह,भ्रूणहत्या के खिलाफ किया जागरूक
मिर्जामुराद । आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में सोमवार को बेनीपुर में बालिकाओं ने नशा, भ्रूणहत्या,दहेज व बालविवाह के खिलाफ रैली निकाली। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर, नागेपुर, करधना, गनेशपुर, कुंडरिया व आसपास के गांव से आयी सैकड़ों किशोरी लड़कियों ने बेनीपुर पंचायत भवन से बेनीपुर बाजार तक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ रैली निकाली। रैली में शामिल लड़कियां बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नजरे नही झुकना है आगे बढ़ते जाना है, भ्रूणहत्या बंद करो,बाल विवाह बंद करो, तिलक दहेज़ बन्द करो, शराब बिक्री पर रोक लगाओ आदि नारे लगा रही थी। रैली में शामिल लड़कियों ने प्रधानमंत्री से यू पी में शराब बिक्री पर रोक लगाने,दहेज लोभियों,व गर्भ में लड़कियों को मारने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की माँग किया।रैली में बड़ी संख्या में मुस्लिम लड़कियां भी शामिल हुई।

रैली के बाद बेनीपुर पंचायत भवन पर संचालित आशा सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र पर बालिका महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान उमेश पटेल, पंचायत सचिव अंकित प्रताप सिंह और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने दीप जलाकर किया। लड़कियों ने भ्रूण हत्या,दहेज,बालविवाह,गैरबराबरी,लड़कियों के यौन उत्पीड़न आदि पर ,नाटक,भाषण,व सांस्कृतिक कार्यक्रम किया।
कार्यक्रम में आयोजित विचार गोष्ठी में किशोरी संगठन की संयोजिका सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने लड़कियों को समाज में बराबरी के लिए बहुत प्रोत्साहित कर रहे है लेकिन जब तक समाज जागरूक नही होगा और नशा शराब बिक्री पर नहीं लगेगी तो लड़कियों पर अत्याचार होता रहेगा। उड़ीसा से आए सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत देहुरी ने कहा कि नशा,दहेज,बाल विवाह व कन्या भ्रूण हत्या समाज में अभिशाप है, इसे जड़ से मिटाना होगा, जिसके लिये महिलाओं को आगे आना होगा। सामाजिक कार्यकर्ता अनीता ने कहा कि सरकार स्वच्छ भारत व बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलाकर अच्छी पहल किया है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों और स्कूलों में सामुदायिक शौचालय कि स्थिति दयनीय है, जिसके कारण लड़कियों को बाहर निकलने और स्कूल जाने में दिक्कत होती है।
कार्यक्रम में स्वागत आशा मौर्या व राजकुमारी ने किया कार्यक्रम की अध्यक्षता अनीता, संचालन आशा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजिका सोनी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजीत मिश्रा, बेबी,मनीषा,आशा, मैनमबानो, राजकुमारी,मधुबाला, रिया,शालू, अंजली, सीमा, आँचल,आफरीन, रितु,रिया, प्रियंका,करीना,अराधना,संध्या,उजाला,संतोषी, सरिता,करिश्मा, अनीता,सोनी, रामबचन ने अपने विचार रखे।
