रेणुकूट। (जी.जी.न्यूज) म्योरपुर ब्लॉक में तैनात एक दलित सरकारी शिक्षिका ने अनपरा निवासी सप्लायर और उनके पुत्र पर अपने पति का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने, लगातार शिकायतों के माध्यम से ब्लैकमेल करने तथा दलित उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस संबंध में शिक्षिका प्रीति कुमारी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के मुताबिक प्रीति कुमारी म्योरपुर ब्लॉक के परिषदीय विद्यालय में सरकारी शिक्षिका हैं, जबकि उनके पति सुरेंद्र कुमार दुद्धी विकास खंड में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उनके पति की पूर्व में म्योरपुर ब्लॉक में तैनाती के दौरान कुलडोमरी ग्राम पंचायत में कार्य और सामग्री आपूर्ति करता था। शिक्षिका का आरोप है कि सप्लायर उनके पति पर गलत तरीके से सरकारी धन का आहरण करने का दबाव बना रहा था, जिसका विरोध करने पर उसने शिकायतें करना शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पति का स्थानांतरण होने के बाद भी आरोपी छोटेलाल यादव और उनके पुत्र विशाल यादव लगातार विभिन्न माध्यमों से शिकायतें कर रहे हैं। प्रार्थना पत्र में अब तक 30 से 35 शिकायतें किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि संबंधित शिकायतों का निस्तारण भी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न का सिलसिला जारी है। शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि लगातार शिकायतों और कथित उत्पीड़न के कारण उनके पति की मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है और उन्हें उच्च रक्तचाप की दवा लेनी पड़ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने उनके पति को आत्मदाह तक की धमकी दी थी, जिसकी जांच उपजिलाधिकारी द्वारा कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण से उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान है। साथ ही, भविष्य में उनके पति के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना होने पर छोटेलाल यादव और उनके पुत्र को जिम्मेदार ठहराया है। प्रीति कुमारी ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों की सत्यता के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
