मंडल रेल प्रबंधक द्वारा कानपुर परिक्षेत्र के विभिन्न स्थलों का व्यापक निरीक्षण

Spread the love

कानपुर सेंट्रल पर संरक्षा संगोष्ठी में कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल परिचालन की तैयारियों की समीक्षा*

 प्रयागराज ।  मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने आज 09 अक्टूबर को कानपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर आयोजित संरक्षा संगोष्ठी में सम्मिलित हुए। संगोष्ठी का मुख्य विषय “कोहरे के मौसम की तैयारी एवं बरती जाने वाली सावधानियां” रहा। इस अवसर पर कोहरे के दौरान सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियों, निर्धारित संरक्षा नियमों के पालन तथा सतर्कता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कोहरे के मौसम में दृश्यता कम होने के कारण रेल परिचालन में विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और संरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति सदैव सजग रहने पर जोर दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने रेलकर्मियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल परिचालन के लिए कर्मचारियों की सजगता, आपसी समन्वय तथा संरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रयागराज मंडल द्वारा रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार तथा रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। 

इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन एवं उसके सर्कुलेटिंग एरिया का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं तथा परिसर के रखरखाव का जायजा लिया एवं यात्रियों से जनसंवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की । इस दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन परिसर में सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक ने कानपुर अनवरगंज स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कराए जा रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर ध्यान देने तथा विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कानपुर अनवरगंज स्टेशन के निरीक्षण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने उप मंडलीय चिकित्सालय, लोको, कानपुर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सालय में स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन; उप मुख्य यातायात प्रबंधक आकांशु गोविल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *