पीएम सूर्य घर योजना में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर यूपीनेडा में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ए.के. शर्मा ने किया प्रतिभाग

Spread the love

*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यूपी ने हासिल की यह उपलब्धि : मंत्री ए.के. शर्मा*

*रूफटॉप सोलर से पर्यावरण संरक्षण को मिल रही मजबूती, सौर ऊर्जा अपनाना प्रकृति की सेवा भी : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री*

लखनऊ,/ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में उत्तर प्रदेश द्वारा देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में यूपीनेडा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री को कुशल मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।इस उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया तथा यूपीनेडा के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्टेकहोल्डर्स और प्रदेशवासियों को बधाई दी।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पीएम सूर्य घर योजना में प्रदेश का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना किसी एक व्यक्ति या संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, सोलर क्षेत्र से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स तथा प्रदेश के नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित लोगों की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है।

श्री शर्मा ने कहा कि यूपीनेडा पूरे प्रदेश के लिए एक गौरवशाली संस्था है। पीएम सूर्य घर योजना में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना यूपीनेडा की पूरी टीम के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि देश में नंबर वन आने के बाद हमें रुकना नहीं है, बल्कि और अधिक तेजी से आगे बढ़ना है। हमें खरगोश की चाल से चलना है, लेकिन खरगोश की तरह रुकना और सोना नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सौर ऊर्जा के विस्तार की इस गति को लगातार बनाए रखते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए।

मंत्री श्री शर्मा ने अपने पूर्व के अनुभवों को याद करते हुए कहा कि जब सौर ऊर्जा के क्षेत्र में रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की शुरुआत हुई थी, उस समय प्रदेश में इंस्टॉलेशन की संख्या काफी कम थी। उस समय उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा था कि एक दिन ऐसा आएगा, जब यूपीनेडा देश में नंबर वन स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि आज वह दिन आ गया है और यह उपलब्धि पूरी टीम के परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने गुजरात में अपने पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि गुजरात में कार्य करने के दौरान मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के प्रथम सोलर पार्क के लिए जमीन तलाशने का दायित्व भी उन्हें सौंपा था। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश में जिस व्यापक परिवर्तन की शुरुआत हुई थी, आज वह जन-जन तक पहुंच रही है और उत्तर प्रदेश भी इस अभियान में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन केवल बिजली की जरूरतों को पूरा करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा को अपनाने से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है, प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है और प्रकृति के संरक्षण में योगदान होता है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को अपनाना वास्तव में प्रकृति की सेवा भी है। प्रदेश में अधिक से अधिक घरों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, निदेशक यूपीनेडा रविंद्र कुमार, सचिव पंकज सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी, यूपीनेडा के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सोलर क्षेत्र से जुड़े स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *