रेणुकूट। बच्चों और किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पिपरी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में इनर व्हील क्लब ऑफ रेणुकूट की ओर से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कश्यप दिव्य ज्योति संस्था के अध्यक्ष सुभाष राय ने बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नशे की लत के शुरुआती लक्षणों, व्यवहार में होने वाले बदलावों तथा नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष ममता अग्रवाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाली गंभीर समस्या है, इसलिए बच्चों को बचपन से ही नशे के खिलाफ जागरूक होना चाहिए और अपने मित्रों व परिवार के लोगों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक त्रिपाठी ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नशे से दूरी बेहद जरूरी है और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे से बचाने की शपथ दिलाई गई। क्लब की सचिव संध्या सिंह ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में रूपा कलंतरि, अर्चना उपाध्याय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इनर व्हील क्लब ने राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी में चलाया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
