कनेक्शन लगने के बाद भी नहीं मिल रहा हर घर नल परियोजना का पानी, ग्रामीण परेशान

Spread the love

म्योरपुर। म्योरपुर विकासखंड की सुपाचुवा ग्राम पंचायत के पोखरा टोला में हर घर नल परियोजना के तहत घर-घर कनेक्शन लगाए जाने के बावजूद ग्रामीणों को अब तक नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं मिल सकी है। पानी की सुविधा शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत उनके घरों तक नल का कनेक्शन तो पहुंचा दिया गया है, लेकिन नलों में पानी नहीं आने से योजना का वास्तविक लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गर्मी और अन्य मौसम में भी उन्हें पेयजल की व्यवस्था के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। दूर-दराज स्थित हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों से पानी लाकर घरेलू जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की ओर से हर घर तक पाइपलाइन और नल कनेक्शन पहुंचाने के उद्देश्य से योजना संचालित की गई है, लेकिन पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होने के कारण योजना अधूरी साबित हो रही है। उनका कहना है कि यदि पाइपलाइन और कनेक्शन लगाने के बाद नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी जाए तो ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। पोखरा टोला निवासी दिनेश कुमार, पंकज, अशोक, शंखलाल, हरिनाथ और करण सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द हर घर नल परियोजना के माध्यम से पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से पुनः शिकायत करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *