शराब पीकर सड़क पर घूमने और गंदगी फैलाने पर 32 लोगों पर कार्रवाई

Spread the love

नौगढ़। चकरघट्टा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर घूमने, राहगीरों का रास्ता रोकने और सड़क किनारे गंदगी फैलाने के आरोप में 32 लोगों के खिलाफ बी यन यस की धारा 292 के अन्तर्गत कार्रवाई किया है।  पुलिस कार्रवाई से शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों में खलबली मची है। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को देर शाम क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया।

 इस दौरान तिवारीपुर बाजार से मझगाई मुख्य सड़क मार्ग और उसके आसपास पुलिस ने जांच में कई लोगों को सड़क पर शराब का सेवन कर अनावश्यक रूप से घूमते हुए लोगों को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि नशे की हालत में ये लोग आने-जाने वाले लोगों का रास्ता अवरुद्ध कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि शराब पीने के बाद सड़क और उसके किनारे शराब की खाली बोतलें तथा नमकीन के खाली पैकेट फेंककर गंदगी भी फैलाई जा रही थी।  जिससे सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को परेशानी होने के साथ ही यातायात भी प्रभावित हो रहा था। 

पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन नहीं करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देकर के 32 लोगों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई किया है। जिसमें विशेषरपुर निवासी अमरनाथ रामकिशुन वियार  ओमप्रकाश  मुन्ना बनवासी  आशीष पाल शम्भू गौड़  छोटू ईत्यादि समेत कुल 32 लोग शामिल हैं।  आरोपी चकरघट्टा व नौगढ़ थाना क्षेत्र के अलावा जनपद सोनभद्र व गाजीपुर के निवासी बतलाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने, राहगीरों को परेशान करने अथवा यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *