छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का तोहफा, सोनभद्र के 2483 छात्रों के खाते में 65.79 लाख हस्तांतरित

Spread the love

सोनभद्र। नवरात्रि से पहले प्रदेश सरकार ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का तोहफा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। प्रथम चरण में प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई। वहीं सोनभद्र में समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के 2483 छात्र-छात्राओं को 65 लाख 79 हजार 149 रुपये छात्रवृत्ति भेजी गई। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश, सीडीओ जागृति अवस्थी समेत अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए। विधायक ने कहा कि छात्रवृत्ति से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। सीडीओ ने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम करना और सभी को शिक्षा का समान अवसर उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने बताया कि छात्रवृत्ति वितरण के आगामी चरण भी मार्च तक जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *