प्रयागराज। एनी बेसेंट सरस्वती विद्या मंदिर के शताब्दी समारोह कार्यक्रम के दूसरे दिन एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया,जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए ख्यातिलब्ध कवियों ने अपनी ओजस्वी और मधुर रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ मंच पर देश के कोने-कोने से पधारे प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी कविताओं से समां बांध दिया। इंदौर से पधारे अमन अक्षर प्रयागराज के डॉ. विनम्र सेन सिंह जबलपुर की मणिका दुबे, दिल्ली की मनु वैशाली पटना के चंदन द्विवेदी प्रयागराज के अजय भालचंद्र खेर तथा दिल्ली के उपेंद्र पांडेय ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति, प्रेम और समाज-संस्कृति पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों की कविताओं पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस गरिमामयी अवसर पर ज्वाला देवी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव और एनी बेसेंट विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक रमेश चन्द्र श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही, प्रयागराज में विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, आचार्य बंधु-भगिनी, विद्या भारती के पदाधिकारीगण तथा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं साहित्यप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी कवियों का अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। इस भव्य आयोजन ने शताब्दी समारोह की रौनक को और अधिक बढ़ा दिया और उपस्थित सभी लोगों के लिए यह एक अत्यंत यादगार संध्या बन गई।
