गांधी जयंती पर इंडियन लिटरेसी स्कूल में विविध कार्यक्रम, बच्चों ने दिया स्वच्छता और अहिंसा का संदेश

Spread the love

रेणुकूट। पिपरी स्थित इंडियन लिटरेसी स्कूल में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गांधी जी के जीवन, उनके विचारों और स्वच्छता के प्रति उनके संदेश को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने गांधी जी के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटक ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और देशप्रेम का संदेश दिया। गांधी जी के वेश में बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।

इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रेणुकूट की सदस्यों ने भी विद्यालय पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता की। क्लब की सदस्यों ने विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया और बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सदस्यों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण केवल हमारे आसपास की सफाई से नहीं, बल्कि स्वच्छ आदतों और जिम्मेदार व्यवहार से भी बनता है। कार्यक्रम के बाद बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में लघु जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और गांधी जी के विचारों से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों में रैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष ममता अग्रवाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि गांधी जी के विचार आज भी बच्चों के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही स्वच्छता, अनुशासन, सत्य, अहिंसा और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित की जानी चाहिए। गांधी जी के आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। अध्यक्ष ममता अग्रवाल ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें उपहार भी प्रदान किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने विद्यालय द्वारा बच्चों के बीच गांधी जी के विचारों को पहुंचाने और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के प्रयास की भी सराहना की। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब की संध्या सिंह, अर्पणा सिंह, विनिता बंसल, गुरमीत कौर, उदिता बनर्जी, अनीता सहानी एवं शीतल दहलान सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बच्चों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *