नागपुर । एनटीपीसी मौदा में राजभाषा हिन्दी के प्रभावी कार्यान्वयन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राजभाषा हिन्दी कार्यान्वयन समिति की द्वितीय त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जोसेफ बास्टियन, कार्यकारी निदेशक (मौदा) ने की। बैठक में सभी विभागाध्यक्षों एवं अनुभागाध्यक्षों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा हिन्दी के प्रचार-प्रसार से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति के सदस्य सचिव एवं राजभाषा अधिकारी अनीश कुमार ने उपस्थित सदस्यों को एनटीपीसी की विभिन्न हिन्दी प्रोत्साहन योजनाओं, राजभाषा संबंधी गतिविधियों तथा हिन्दी में कार्य करने हेतु उपलब्ध प्रोत्साहनों के बारे में जानकारी दी।
बैठक में राजभाषा संबंधी लक्ष्यों की प्राप्ति, विभागों द्वारा हिन्दी के उपयोग की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना की समीक्षा भी की गई। उपस्थित अधिकारियों ने हिन्दी के प्रयोग को और अधिक बढ़ाने हेतु अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जोसेफ बास्टियन ने कहा कि हिन्दी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि प्रभावी संवाद और प्रशासन का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया तथा राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन हेतु निरंतर प्रयास करने पर बल दिया।
