वाराणसी की मंतसा इकबाल ने रचा इतिहास, नेशनल कैरम रैंकिंग में बनीं इंडिया नंबर-2

Spread the love

दिल्ली नेशनल रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर इटली वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में बनाई जगह

पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के जीशान मि एकर्जा भी इटली वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई

वाराणसी। ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन के तत्वावधान में दिल्ली के हरकिशन सिंह सुरजीत भवन में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वाराणसी की मंतसा इकबाल ने महिला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल टूर्नामेंट की उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया, बल्कि नेशनल रैंकिंग में इंडिया नंबर-2 का स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही उन्होंने अगले माह इटली में होने वाले दसवें वर्ल्ड कप कैरम के लिए भारतीय टीम में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।


मंतसा इकबाल ने क्वार्टर फाइनल में पश्चिम बंगाल की काजल सिंह को 22-18, 1-8 से तथा सेमीफाइनल में रिजर्व बैंक की अंकिता हरति को 21-20, 25-13 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका मुकाबला सात बार की विश्व चैंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी रश्मि कुमारी से हुआ, जिसमें उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा और वे उपविजेता रहीं। इसके बावजूद पूरे टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें नेशनल रैंकिंग में इंडिया नंबर-2 के मुकाम तक पहुंचा दिया।मंतसा की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उत्तर प्रदेश की किसी महिला कैरम खिलाड़ी ने इससे पहले नेशनल रैंकिंग में इस मुकाम को हासिल नहीं किया था।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उत्तर प्रदेश के कैरम जगत में हर्ष और गर्व का माहौल है।
इसी टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम की ओर से खेलते हुए मुजफ्फरनगर के जीशान मिर्जा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व विश्व कप चैंपियन संदीप दिवे को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कियापर  क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला ओडिशा के गौतम कुमार भोल से हुआ, जिसमें उन्हें 25-0, 0-25, 0-25 से पराजय मिली।
इसके बावजूद अंतिम आठ खिलाड़ियों में स्थान बनाने के कारण जीशान मिर्जा ने भी इटली में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया।
इस प्रकार मंतसा इकबाल और जीशान मिर्जा पहली बार इटली में होने वाले वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ियों का एक साथ पहली बार वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चयन होना प्रदेश के समूचे कैरम जगत के लिए गौरव का विषय है।
  उत्तर प्रदेश के इन दोनों खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के प्रधान संरक्षक एवं नेशनल फेडरेशन के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अशोक कुमार सिंह, एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं नेशनल फेडरेशन के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट श्री बैजनाथ सिंह, सेक्रेटरी एडवोकेट सिराजुद्दीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार रणवीर सिंह, कोषाध्यक्ष श्री रमेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष श्री विजय शंकर मेहता, श्री दिनेश गुप्ता, डॉ. अंशु सिंह, श्री अनीस अहमद, सहायक सचिव श्री अशोक कुमार सिंह, संयुक्त सचिव श्री पंकज सिंघारिया, डॉ. प्रवीण कुमार, श्री हरपाल सिंह कलसी, कार्यकारिणी सदस्य श्री अश्विनी चक्रवाल, रवि आर्या, आनंद शुक्ला, मंजर खान, भूपेंद्र प्रताप सिंह, अशोक कुमार पांडे, श्रीमती सुमन गिनोडिया, सुश्री रेणुका राय सहित अभिषेक विश्वकर्मा, विनोद यादव, कामना गुप्ता, प्रसाद सोनी, झुनझुन गुप्ता, अजमल वारसी, शोएब अहमद, नूरैन खान, अंजलि केसरी, अंजली गुप्ता, हरियाली सिंह, ऋतंभरा, रिश्ता केसरी, दीपाली यादव आदि वाराणसी के जाने-माने खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *