स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन-6 के तहत वेकोलि में जारी है व्यापक गतिविधियाँ

Spread the love

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) द्वारा स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन-6 के तहत अपने सभी 10 क्षेत्रों एवं मुख्यालय में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की राष्ट्रीय थीम के साथ मनाया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत सभी क्षेत्रीय कार्यालयों एवं मुख्यालय में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 10,000 से अधिक कर्मचारियों ने सहभागिता की। विद्यालयों, गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सेल्फी अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, भाषण एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। ‘स्वच्छ पाठशाला : युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत लगभग 650 विद्यार्थियों तथा ‘कबाड़ से जुगाड़’ एवं ‘कबाड़ से कला’ गतिविधियों के माध्यम से लगभग 500 प्रतिभागियों को जोड़ा गया है।

विभिन्न क्षेत्रों में कबड्डी प्रतियोगिताओं, रंगोली प्रतियोगिताओं एवं स्वच्छ बाजार जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी जनभागीदारी सुनिश्चित की गई है। चंद्रपुर क्षेत्र में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ कार्यक्रम एवं ई-वेस्ट संग्रहण अभियान, पाठकहेड़ा में कबड्डी प्रतियोगिता एवं स्वच्छता अभियान, माजरी एवं नागपुर में ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रदर्शनियां, बल्लारपुर में विद्यार्थियों के लिए वेस्ट-टू-आर्ट रंगोली प्रतियोगिता तथा वणी क्षेत्र में स्वच्छता गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन प्रमुख गतिविधियों में शामिल हैं।

स्पेशल कैंपेन-6 के तहत ई-वेस्ट प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ई-वेस्ट के संग्रहण, पृथक्करण एवं जिम्मेदार निपटान के साथ-साथ स्क्रैप निस्तारण, कार्यस्थल स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्थान के कुशल उपयोग एवं डिजिटलाइजेशन से संबंधित गतिविधियाँ भी की जा रही हैं। चंद्रपुर क्षेत्र में अभियान के अंतर्गत पहला ई-वेस्ट कियोस्क स्थापित किया गया है। स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को भी अभियान में विशेष प्राथमिकता दी गई है। ‘सफाईमित्र सुरक्षा शिविर’ के तहत अब तक 690 से अधिक सफाईमित्रों, संविदा कर्मियों एवं सहायकों के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा किट, जूते एवं टी-शर्ट का वितरण भी किया जा रहा है।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत पाठकहेड़ा क्षेत्र में पौधरोपण अभियान शुरू किया गया है। वहीं, स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (CTUs) के सौंदर्यीकरण के तहत वेकोलि के 10 CTUs में सफाई, पौधरोपण एवं दीवार चित्रण का कार्य प्रगति पर है। अभियान के अंतिम चरण में विभिन्न क्षेत्रों में मंदिरों, अस्पतालों, बाजारों एवं सामुदायिक स्थलों सहित 20 से अधिक सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे।स्वच्छता ही सेवा अभियान के समापन से पूर्व 1 अक्टूबर 2026 को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत वेकोलि के सभी क्षेत्रों में कर्मचारी एवं स्थानीय समुदाय प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता करेंगे।

अभियान का समापन 2 अक्टूबर, स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर होगा। इस अवसर पर स्वच्छता एवं सार्वजनिक स्वच्छता में योगदान के लिए सफाईमित्रों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही, ‘जनभागीदारी फॉर स्वच्छता’ के तहत क्षेत्राधिकार के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 एवं स्रोत पर कचरा पृथक्करण के प्रति ग्रामीण समुदायों को जागरूक किया जाएगा। स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन-6 के माध्यम से वेकोलि स्वच्छता को जनभागीदारी आधारित सतत अभियान के रूप में आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ कार्यस्थल, जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *