हजारीबाग,। एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना (PB-CMP) द्वारा परियोजना प्रभावित व्यक्तियों (PAP) की भागीदारी और स्थानीय हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से PAP बैठक 2026 का आयोजन किया गया। बैठक में 25 PAP सहकारी समितियों और 33 से अधिक व्यक्तिगत विक्रेताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान PB-CMP के विभिन्न विभागों की ओर से अनुबंध प्रक्रिया, कार्यप्रणाली, आवश्यकताओं तथा अनुबंधों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों को परियोजना में अनुबंध एवं खरीद प्रक्रियाओं की बेहतर समझ प्रदान की गई तथा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित PAP सहकारी समितियों एवं स्थानीय विक्रेताओं ने अनुबंधों और संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर वरिष्ठ प्रबंधन के समक्ष विभिन्न प्रश्न और जिज्ञासाएं रखीं। प्रबंधन की ओर से इन सवालों का विस्तार से समाधान किया गया। प्रतिभागियों ने स्थानीय हितधारकों की परियोजना में सहभागिता को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव एवं विचार भी साझा किए।
स्थानीय विक्रेताओं और हितधारकों को डिजिटल खरीद व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में GeM (Government e-Marketplace) पोर्टल पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इस सत्र में GeM पर पंजीकरण, निविदा प्रक्रिया और खरीद प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक को स्थानीय हितधारकों के साथ संवाद और सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। इसके माध्यम से पारदर्शिता, अवसरों की उपलब्धता और स्थानीय भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। एनएमएल पकरी बरवाडीह की इस पहल से PAP सहकारी समितियों और स्थानीय विक्रेताओं को परियोजना से जुड़ी प्रक्रियाओं एवं संभावित कारोबारी अवसरों की बेहतर जानकारी मिलने की उम्मीद है।
